कांवड़ यात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हरकी पौड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना कर तथा हरकी पौड़ी से पवित्र गंगा जल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया

कांवड़ यात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना कर तथा हरकीपौड़ी से पवित्र गंगा जल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया

अति महत्वपूर्ण कांवड़ यात्रा सकुशल, निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी ने सभी शिव भक्तों, व्यवस्थाओं में लगे अधिकारी, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय जनता का किया आभार व्यक्त

कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं पुलिस बल, मीडिया बंधु, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों एवं व्यापारियों के सहयोग की जिलाधिकारी ने की सराहना

मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा सफलता पूर्वक सम्पन्न

4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़ियों ने पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर हुए रवाना

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का किया निशुल्क इलाज

हरिद्वार,  जनपद हरिद्वार में आयोजित कांवड़ यात्रा-2026 सकुशल, निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा में प्रतिभाग करने वाले सभी शिव भक्तों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी एवं कर्मचारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, मीडिया बंधुओं, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों तथा क्षेत्रीय जनता का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। सभी विभागों, सुरक्षा एजेंसियों एवं संबंधित संस्थाओं ने पूरी निष्ठा, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिन-रात पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा कांवड़ मेले के दौरान की गई व्यवस्थाओं की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ट्रैफिक एवं यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन तथा कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया गया। विशाल संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन के बावजूद यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा विभिन्न मार्गों पर प्रभावी रूट डायवर्जन लागू करने में पुलिस द्वारा बेहतर समन्वय एवं तत्परता का परिचय दिया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी पूरी सजगता, धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके साथ ही जल पुलिस द्वारा गंगा घाटों एवं गंगा नदी में लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। जल पुलिस के जवानों ने गंगा की तेज धारा एवं कठिन परिस्थितियों में भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिससे जल क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रही।
उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर ढंग से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क इलाज किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों एवं अन्य स्थानों पर शिवभक्तों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं, आवश्यक सूचनाओं एवं यातायात तथा सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी को आमजन एवं कांवड़ यात्रियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मीडिया ने सकारात्मक सहयोग एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में योगदान दिया।
जिलाधिकारी ने पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कर्मियों की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि लाखों-करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने लगातार दिन-रात कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, घाटों एवं प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा।
उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों एवं सामाजिक संस्थाओं का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि इन सभी संस्थाओं ने सेवा, सहयोग एवं समर्पण की भावना से कांवड़ यात्रियों के लिए जल, भोजन, चिकित्सा, विश्राम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। साधु-संतों एवं धार्मिक संस्थाओं के मार्गदर्शन और सहयोग से यात्रा के दौरान श्रद्धा एवं सेवा की भावना और अधिक मजबूत हुई।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों एवं स्थानीय कारोबारियों की भी सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार के व्यापारिक समुदाय ने कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करते हुए यात्रियों की सुविधाओं और व्यवस्था को बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की जनता और व्यापारियों ने जिस धैर्य, संयम एवं सहयोग का परिचय दिया, वह सराहनीय है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। क्षेत्रीय जनता ने यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं में प्रशासन का सहयोग करते हुए कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं, व्यापारियों, मीडिया और आम जनता के सामूहिक सहयोग एवं समन्वय का परिणाम है। सभी के सहयोग से इस विशाल धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जा सका।
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिव भक्तों का भी हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ियों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा को व्यवस्थित बनाने में सहयोग किया। उन्होंने सभी शिव भक्तों के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार की जनता, प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी एवं धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों तथा व्यापारिक संगठनों के सामूहिक प्रयास ने कांवड़ यात्रा-2026 को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सभी का यह सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा।
कांवड़ यात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना की तथा हरकीपौड़ी से पवित्र गंगा जल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा अर्चना कर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न होने पर श्री गंगा सभा अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम एवं अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
तत्पश्चात दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के अवसर पर श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी जी महाराज ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न होने पर अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।
निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने भी कांवड़ मेले की सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed