September 4, 2026

दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण का कार्य शुरू

दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण का कार्य शुरू

श्री केदारनाथ धाम में नगर पंचायत केदारनाथ के प्रगणकों द्वारा किया जा रहा जनगणना कार्य

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद में जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसी क्रम में श्री केदारनाथ धाम में नगर पंचायत केदारनाथ के प्रगणकों द्वारा जनगणना संबंधी कार्य गतिमान है। जनगणना कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की नियमित रूप से उपखंड जनगणना अधिकारी के माध्यम से जिला जनगणना अधिकारी द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है।

जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या से संबंधित आवश्यक एवं प्रमाणिक आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा विकास योजनाओं के निर्माण, जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण, संसाधनों के बेहतर वितरण तथा प्रभावी प्रशासनिक निर्णय लेने में किया जाता है। जनगणना के आंकड़े विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनपद रुद्रप्रयाग में जनगणना के प्रथम चरण अर्थात हाउस लिस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। इस चरण के अंतर्गत आवासीय एवं अन्य भवनों से संबंधित आवश्यक जानकारी का संकलन करते हुए हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का निर्माण किया गया है। जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जनपद में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की गई है।

दूसरे चरण का कार्य दो चरणों में होगा संचालित

जनगणना का दूसरा चरण दो अलग-अलग समयावधियों में संचालित किया जाएगा। दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना संबंधी कार्य सितंबर 2026 में किया जा रहा है, जबकि जनपद के अन्य क्षेत्रों में यह कार्य फरवरी 2027 में संचालित किया जाएगा।

दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में समय से जनगणना कार्य संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। ऐसे क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों एवं मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से कार्य की निरंतर निगरानी की जा रही है।

श्री केदारनाथ धाम जैसे दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्र में जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के लिए नगर पंचायत केदारनाथ के प्रगणकों द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संबंधित प्रगणकों द्वारा निर्धारित प्रपत्रों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आंकड़ों का संकलन किया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे भारत सरकार एवं जनगणना से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करें।

जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य में जनपद सहित प्रदेश एवं देश के विकास की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।