September 6, 2026

जिले भर में हुई भारी अतिवृष्टि के कारण नदियां उफान पर

रुद्रपुर  जिले भर में हुई भारी अतिवृष्टि के कारण नदियां उफान पर आ गईं और जसपुर,बाजपुर व गदरपुर में जलभराव होने की सूचना मिलते ही अपर ज़िलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह,तहसील की टीमें मौके पर पहुँची। तथा प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और राहत सामग्री का वितरण किया।

जसपुर में उफनती फीका नदी में फंसे दो बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।जसपुर के ग्राम हजीरों में फीका नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से विद्यालय जा रहे दो बच्चे नदी पार नहीं कर सके। सूचना मिलते ही राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने 14 वर्षीय निमरत कौर और 15 वर्षीय अवतार सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया है। वर्तमान में जसपुर में स्थिति सामान्य है।

बाजपुर लेवड़ा नदी के पानी से 300 घर प्रभावित हुए है राहत कार्य जारी है।तहसील बाजपुर के चकरपुर क्षेत्र में लेवड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से इंदिरा कॉलोनी, खमरिया, यादव कॉलोनी, झारखण्डी और गोबरा क्षेत्र के रिहाइशी इलाकों में पानी घुस गया। इस जलभराव से लगभग 300 आवासीय घर प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। और जेसीबी मशीन एवं अन्य संसाधनों की मदद से जल निकासी कराई जा रही है तथा प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई है। एडीएम ने राजस्व टीम को क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए।

लगातार बारिश से तहसील गदरपुर के गूलरभोज क्षेत्र (वार्ड संख्या 01, 04, 05, 06 और 07) में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे घरेलू सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा। उप जिलाधिकारी गदरपुर ने राजस्व टीम के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
जलभराव से प्रभावित लगभग 40 परिवारों के 100 से 150 लोगों को नगर पंचायत गूलरभोज और जनसमुदाय भवन में शिफ्ट कराया गया है। उनके लिए भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

जिला आपात परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के मुताबिक फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो रही है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है तथा राजस्व उप निरीक्षकों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत उच्च अधिकारियों और जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।