September 8, 2026

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की तिथि 28 सितंबर तक बढ़ी

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की तिथि 28 सितंबर तक बढ़ी

निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन अब 03 अक्टूबर, 2026 को

भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखण्ड राज्य में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की तिथियों में संशोधन किया गया है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली के संबंध में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अवधि 14 जुलाई, 2026 से 28 सितंबर, 2026 तक कर दी गई है। इसके साथ ही निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, जो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाना था, अब 03 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किए जा सकें तथा अपात्र अथवा मृत मतदाताओं के नामों को नियमानुसार हटाया जा सके। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निस्तारण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों तथा संबंधित कार्मिकों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।