जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन प्रकरणों की समीक्षा
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील घनसाली, बालगंगा एवं टिहरी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में तहसील घनसाली के कण्डार मल्ला गांव के तीन परिवारों के पुनर्वासन प्रकरण पर चर्चा की गई। संबंधित प्रकरण में भू-विज्ञानी की रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सहमति व्यक्त करते हुए प्रथम किश्त की धनराशि जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार तहसील घनसाली के गवाणा मल्ला गांव के एक परिवार तथा अक्वाण गांव के एक परिवार के पुनर्वासन प्रकरण में भी भू-विज्ञानी की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने प्रकरणों पर सहमति व्यक्त करते हुए संबंधित परिवारों को प्रथम किश्त जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसील बालगंगा के गेंवाली गांव तथा तहसील टिहरी के पलेथ गांव के प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन से संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। तहसील टिहरी के पलेथ गांव में कुल 22 परिवारों के पुनर्वासन के सापेक्ष 21 परिवारों का पुनर्वासन पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष एक परिवार के भूमि हस्तांतरण/ट्रांसफर संबंधी कार्यवाही गतिमान है। जिसपर जिलाधिकारी द्वारा तहसीलदार को रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में तहसील धनौल्टी में विस्थापित किए जाने वाले 20 परिवारों के पुनर्वासन कार्य की भी समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि सभी 20 परिवारों को पुनर्वासन हेतु निर्धारित प्रथम एवं द्वितीय किश्त की धनराशि शत-प्रतिशत जारी की जा चुकी है तथा पुनर्वासन का कार्य पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्वासन से जुड़े लंबित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पुनर्वासन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

More Stories
रानीपुर पुलिस एवं गौवंश स्क्वाड की संयुक्त छापेमारी
SSP हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में अवैध हथियार के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की लगातार कार्रवाई
भारतरत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के 139वें जन्मदिवस पर उन्हे किया गया याद