September 16, 2026

60 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, 13 के रक्त नमूने लिए

*60 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, 13 के रक्त नमूने लिए*

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जखोली विकासखंड के भरदार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सतनी में एक साथ कई ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में 60 ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। वहीं, 13 ग्रामीणों के रक्त के नमूने व पेयजल स्रोत से पानी का नमूना जांच के लिए लिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने बताया कि ग्राम सतनी में कई ग्रामीणों के बुखार की चपेट में आने की सूचना पर जिला स्तर से स्वास्थ्य टीम को ग्राम सतनी के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि सवास्थ्य टीम द्वारा 60 लोगों की जांच कर दवा वितरित की गई, सभी ग्रामीण हल्के बुखार व खांसी की समस्या से ग्रसित मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 13 ग्रामीणों के खून के नमूने लिए गए। साथ ही जलजनित रोग की आशंका के दृष्टिगत गांव के पेयजल स्रोत से पेयजल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। बताया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली को ग्रामीणों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

एपिडेमियोलॉस्टि डाॅ. शाकिब के नेतृत्व में गांव के 116 घरों का सर्वे कर लार्वा निरोधात्मक कार्रवाई की गई। डा0 शाकिब ने बताया कि करीब 447 की आवादी क्षेत्र को कवर किया गया, इस दौरान दो कंटेनर में लार्वा मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट किया गया व जलजनित रोगों व डेंगू से बचाव व रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य टीम में डाॅ. भुवन, माइक्रोबॉयलाजिस्ट मोहित, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमित, एएनएम शांति, आशा कार्यकत्री मदनी देवी आदि शामिल रहे।