September 23, 2026

गडमिल में आयोजित हुआ सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम

*गडमिल में आयोजित हुआ सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम*

*ग्रामीणों ने पेयजल एवं जंगली जानवरों की समस्या से कराया अवगत, अधिकारियों ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन*

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में आज विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत गडमिल में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई योगेश चंद्र कोटियाल ने की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव में पेयजल लाइन टूटने से उत्पन्न समस्या सहित जंगली जानवरों से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई योगेश चंद्र कोटियाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी समस्या अथवा योजना से संबंधित जानकारी के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करें।