September 23, 2026

सेवा संकल्प अभियान’ के तहत टिहरी में 25 सितंबर से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन

*‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत टिहरी में 25 सितंबर से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन*

शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर/स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के निर्णयों, नीतियों एवं उपलब्धियों तथा विकसित भारत-2047 की संकल्पना के अनुरूप आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करना और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना है।

आयोजित होने वाले शिविरों के निर्धारित रोस्टर के क्रम में दिनांक 25 एवं 26 सितंबर 2026 को विकास खण्ड थौलधार के सभागार कक्ष में आयोजित किया जायेगा । इसी क्रम में 27 एवं 28 सितंबर को विकासखण्ड जौनपुर मुख्यालय सभागार में, 29 एवं 30 सितंबर को विकासखण्ड कीर्तिनगर के राजकीय इंटर कॉलेज आछरी खूंट, 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को भिलंगना विकासखंड मुख्यालय सभागार, 01 एवं 02 अक्टूबर को विकासखण्ड चम्बा के सुनार गांव, 3 एवं 4 अक्टूबर को विकासखण्ड जाखणीधार के राजकीय महाविद्यालय, पोखाल, 4 एवं 5 अक्टूबर को विकासखण्ड प्रतापनगर के राजकीय इंटर कॉलेज लम्बगांव, 5 एवं 6 अक्टूबर को विकासखण्ड देवप्रयाग के राजकीय इंटर कॉलेज हिन्डोलाखाल एवं 6 एवं 7 अक्टूबर को विकासखण्ड नरेंद्रनगर के राजकीय पॉलीटेक्निक गजा में शिविर का आयोजन किया जाएगा ।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शिविर में स्थानीय विधायकों / मंत्री एवं जिला स्तरीय उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं ।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 25 सितंबर, 2026 से आयोजित होने वाले शिविरों के प्रथम दिवस बहुउद्देशीय/स्वास्थ्य शिविर में मुख्यतः 23 विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, गृह, श्रम, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, पशुपालन/डेयरी/मत्स्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग/पीएमजीएसवाई, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आपदा प्रबंधन तथा बैंकिंग/वित्तीय संस्थानों सम्बन्धी विभाग शामिल हैं।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

शिविरों के बैनर डिजाइन उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बन्धितों को दिए । उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों , तहसीलदारों एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों को शिविर से तीन दिन पूर्व प्रत्येक संबंधित ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कराये जाने के निर्देश दिए ।

शिविरों की समस्त व्यवस्थाओं के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित कर प्रत्येक शिविर की प्रगति संबंधी सूचनाओं का निर्धारित प्रारूप में संकलन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करें।