October 6, 2026

29 हरे पुराने वृक्षों की सार्वजनिक नीलामी 14 अक्टूबर को

*29 हरे पुराने वृक्षों की सार्वजनिक नीलामी 14 अक्टूबर को*

*भगवानपुर तहसील के ग्राम जलालपुर डाडा में होगी नीलामी, न्यूनतम बोली 2.75 लाख रुपये निर्धारित*

*हरिद्वार।  तहसीलदार भगवानपुर ने अवगत कराया है कि जारी सार्वजनिक नीलामी की सूचना के अनुसार ग्राम जलालपुर डाडा, तहसील भगवानपुर, जिला हरिद्वार स्थित कब्रिस्तान की भूमि में खड़े 29 हरे पुराने वृक्षों की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी। नीलामी 14 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे पंचायत घर, ग्राम जलालपुर डाडा में आयोजित होगी।

नीलामी के लिए संबंधित भूमि का विवरण खाता संख्या 902, खसरा संख्या 1317, रकबा 0.4405 हेक्टेयर दिया गया है। उप वन संरक्षक, हरिद्वार वन प्रभाग, हरिद्वार द्वारा उक्त 29 वृक्षों का मूल्यांकन 2,75,238 रुपये किया गया है। नीलामी इस निर्धारित मूल्य से कम राशि में नहीं की जाएगी।

नीलामी में भाग लेने वाले प्रत्येक बोलीदाता को 25,000 रुपये की धरोहर धनराशि नगद अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी। बोली समाप्त होने के बाद यह धनराशि वापस कर दी जाएगी। नीलामी में केवल भारतीय नागरिक ही भाग ले सकेंगे। बोलीदाता को नीलामी में शामिल होने से पूर्व आधार कार्ड अथवा पैन कार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी।

नीलामी सर्वाधिक बोली पर छोड़ी जाएगी। नीलामी छूटने पर सर्वाधिक बोलीदाता को कुल बोली राशि की 25 प्रतिशत धनराशि तत्काल नगद जमा करनी होगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत धनराशि 30 दिन के भीतर जमा करनी होगी।

नीलामी की एक महत्वपूर्ण शर्त के अनुसार नीलामी छूटने अथवा नीलाम स्वीकृत होने से पूर्व यदि कोई व्यक्ति बोली की धनराशि पर 25 प्रतिशत बढ़ाकर नीलाम संपत्ति को क्रय करने की इच्छा व्यक्त करता है, तो नीलामी निरस्त कर संबंधित व्यक्ति से धनराशि जमा कराकर पुनः नीलामी की कार्यवाही की जाएगी।

नीलामी की स्वीकृति का अधिकार उपजिलाधिकारी, भगवानपुर को होगा। स्वीकृतकर्ता अधिकारी बिना कारण बताए अथवा सूचना दिए नीलामी को अस्वीकृत कर सकते हैं। नीलामी अस्वीकृत होने की स्थिति में नीलामकर्ता को कोई प्रतिफल देय नहीं होगा।

तहसीलदार भगवानपुर ने अवगत कराया है कि नीलामी की उपरोक्त सभी शर्तें कार्यवाही में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों को बुलंद आवाज में पढ़कर सुनाई जाएंगी।