October 30, 2026

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं के विकास के लिए ₹ 36.63 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं के विकास के लिए ₹ 36.63 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण एवं सुधार, शहरी सड़क रखरखाव, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा उपकरणों की खरीद तथा अन्य विकास कार्यों के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों से सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास करने और जनसुविधाओं में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद हरिद्वार के विधानसभा क्षेत्र हरिद्वार में दो सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹9.05 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें विधानसभा क्षेत्र हरिद्वार के मध्य हरिद्वार क्षेत्र में 05 किलोमीटर सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹4.22 करोड़ तथा ज्वालापुर क्षेत्र में 05 किलोमीटर सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹4.83 करोड़ की स्वीकृति शामिल है।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद उधमसिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र गदरपुर में विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इसमें गदरपुर में नेतानगर से राधास्वामी सतसंग होते हुए अमरपुर तक बीएम/एसडीबीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण एवं आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल निर्माण कार्य के लिए ₹6.14 करोड़ तथा श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चकीमोड तक रोड़ के निर्माण के लिए ₹5.73 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी के विकासखंड कोटाबाग में सरदारनगर– कैशोवाला–बन्नाखेड़ा–बैलपड़ाव– कोटाबाग–कालाढूंगी राज्य मार्ग संख्या-61 के कि.मी. 75.200 से 81.00 तक बीएम/एसडीबीसी द्वारा सुधारीकरण कार्य के लिए लगभग ₹5 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के दौरान उत्तराखंड की बम निरोधक टीम (बीडीएस) हेतु एंटी-सबोटाज जांच के लिए 03 अदद Bomb Suit उपकरणों की खरीद हेतु स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए प्रति Bomb Suit ₹51.00 लाख की दर से कुल अनुमानित लागत ₹1.53 करोड़ निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री ने देहरादून शहर में ‘परफॉरमेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट’ (PBMC) के तहत मुख्य सड़कों के कार्यों के लिए सुपरविज़न कंसल्टेंट की नियुक्ति हेतु ₹4.63 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इस कंसल्टेंसी सेवा में ठेकेदार के नियमित रखरखाव कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग शामिल है। कंसल्टेंसी सेवाओं में PBMC की निगरानी के लिए डिजिटल तकनीकों पर आधारित एक डिजिटल डैशबोर्ड तैयार करना, बुनियादी ढांचे की निगरानी के लिए एप्लिकेशन विकसित करना और इसके लिए आवश्यक तकनीकी व वित्तीय क्षमताएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के विकासखंड रायपुर की इंदिरा कॉलोनी पेयजल योजना की कुल ₹3.59 करोड़ की लागत की योजना को स्वीकृत किए जाने हेतु अनुमोदन प्रदान किया है। इस योजना से क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ में हनुमान मंदिर कुसौड़ का सौंदर्यीकरण कार्य हेतु कुल ₹0.9601 करोड़ की धनराशि की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।