*जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस ने ज्वालापुर क्षेत्र में पटाखों के गोदामों एवं दुकानों का किया निरीक्षण*
*दीपावली पर सुरक्षा के दृष्टिगत पटाखा कारोबारियों को नियमों का पालन करने के दिए निर्देश*
*अग्निशमन यंत्र निरीक्षण के दौरान सही स्थिति में पाए गए, दुकानदारों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग एवं संचालन की दी जानकारी*
*सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया, पीली पट्टी के भीतर ही सामान रखने की दी हिदायत*
*हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि एवं पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा ज्वालापुर क्षेत्र में पटाखों के गोदामों एवं दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने पटाखों की दुकानों एवं गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बाजारों में अग्निशमन सुरक्षा के लिए अलग अलग स्थानों पर लगाए गए फायर एक्सटिंग्विशर निरीक्षण के दौरान सही स्थिति में पाए गए। उन्होंने ने दुकानदारों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग एवं संचालन की जानकारी देते हुए उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आग लगने की घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही निर्देश दिए कि सभी दुकानदार अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू एवं उपयोग के लिए तैयार स्थिति में रखें।
नगर मजिस्ट्रेट ने पटाखा कारोबारियों को निर्देशित किया कि पटाखों का भंडारण एवं बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही की जाए तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें संचालित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही ज्वालापुर क्षेत्र के बाजारों का निरीक्षण करते हुए सड़क किनारे फुटपाथ पर लगाई गई दुकानों एवं अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही रखें तथा सड़क एवं फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों एवं पटाखा कारोबारियों से अपील की कि वे आगामी दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें तथा आमजन की सुरक्षा एवं बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, एसआई हर्ष अरोड़ा, चौकी इंचार्ज विपिन कुमार एवं पुष्कर चौहान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

More Stories
कुंभ-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के लिए मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
परमार्थ निकेतन में आयोजित ओशो मेगा कैंप के माध्यम से ध्यान, मौन और आत्मचेतना की साधना
जन समाधान दिवस में 110 से अधिक शिकायतें प्राप्त, अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुनीं जनसमस्याएं