
- शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में तय की जायेगी तिथि
- -कपाट तिथि को लेकर बद्री-केदार मंदिर समिति ने की तैयारियां शुरू
- -जिला प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटा
रुद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि घोषित होने की भक्त बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एक मार्च महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में तिथि घोषित कर दी जायेगी, जिसको लेकर मंदिर समिति ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं जिला प्रशासन भी यात्रा को सुव्यवस्थित बनाये जाने को लेकर तैयारियों में जुट गया है।
एक मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित की जायेगी। परम्परानुसार केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख के साथ ही समय का निर्धारण भी किया जायेगा। केदारनाथ मंदिर के रावल भीमा शंकर लिंग द्वारा बदरी-केदार मंदिर समिति के वेदपाठी, आचार्य, हक-हकूकधारी एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी में इस शुभ मुहूर्त की घोषणा की जाएगी। इसके बाद केदारनाथ धाम की यात्रा से जुड़े लोग यात्रा की तैयारियों में जुट जायेंगे।
साथ ही प्रशासन, पुलिस, बीकेटीसी और यात्रा से जुड़े तमाम विभाग अपने-अपने कार्याे की तैयारी में लगते हैं और यात्रा शुरू होने तक सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने का काम करते हैं। इसकेे अलावा होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और दुकान से जुड़े लोग भी रंग-रोगन से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने में लग जाते हैं। बद्री-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि के पर्व पर ऊखीमठ ओंकारेश्वर मंदिर में केदारनाथ के कपाट खुलने का दिन घोषित होगा। इसके लिए सभी अधिकारी कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही इस शुभ मुहूर्त के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। वहीं जिलाधिकारी मनुज गोयल ने कहा कि केदारनाथ कपाट तिथि की घोषण महाशिवरात्रि पर्व पर तय कर दी जायेगी। इस वर्ष संभवतय मई माह प्रथम सप्ताह में यात्रा शुरू हो जायेगी। यात्रा को लेकर एक बार जिला स्तर पर बैठक हो चुकी है। अभी गढ़वाल कमिश्नर भी यात्रा संबंधी बैठक लेंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

More Stories
05-08-26 को समय साय 1800 बजे तक 37 लाख 30 हजार शिव भक्त जल लेकर अपने गंतव्य को प्रस्थान कर चुके
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अगस्त्यमुनि स्थित सरस भोजनालय का किया निरीक्षण, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का बढ़ाया उत्साह
भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश