*मतदान कार्मिकों के लिए समय-समय पर आयोजित किए जाएं प्रशिक्षण कार्यक्रम – निर्वाचन आयुक्त*
– निर्वाचन आयुक्त डॉ सुखवीर सिंह सन्धु ने ली समीक्षा बैठक
– युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के दृष्टिगत व्यापक अभियान चलाने के दिए निर्देश
– प्रदेश में राजनैतिक दलों से समन्वय स्थापित कर बीएलए की तैनाती में लाएं तेजी
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डॉ सुखवीर सिंह सन्धु ने मंगलवार को देहरादून में निर्वाचन गतिविधियों के सम्बंध में समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। 
निवार्चन आयुक्त डॉ सुखवीर सिंह संन्धु ने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के दृष्टिगत व्यापक अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदान प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों की राज्य एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर्स को विशेष रुप से तैयार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गढ़वाल एवं कुमाऊ मंडल में एक-एक ट्रेनिंग सेंटर चिन्हित किया जाए, जहां समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पादित किए जा सकें। चुनाव आयुक्त डॉ सन्धु ने निर्देश दिए कि प्रदेश में बूथ लेवल एजेंट्स की तैनाती के लिए राजनैतिक दलों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने अवगत कराया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नए सिरे से प्रदेश में नए बूथ लेवल ऑफिसरों ( बीएलओ) की तैनाती की प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तर पर डीईओ,ईआरओ,बीएलओ सुपरवाईजर, बीएलओ एवं
बीएलए के प्रशिक्षण हेतु आगामी अगस्त एवं सितंबर माह में कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजनैतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है जिसे जल्द सम्पन्न कर दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम का खाका भी तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आयोग के नए दिशा-निर्देशों के क्रम में 2 किलोमीटर से अधिक पैदल दूरी के पोलिंग बूथ एवं 1200 से अधिक मतदाताओं की संख्या वाले पोलिंग बूथ के मानकअनुसार प्रदेश में लगभग 1 हजार नए पोलिंग बूथ स्थापित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून डॉ सविन बंसल,उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी,उप जिलाधिकारी डॉ अपूर्वा सिंह उपस्थित रही।

More Stories
अर्धकुंभ मेला-2027 के लिए उत्तराखण्ड को केन्द्र से 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित
मौसम विभाग के अलर्ट के दृष्टिगत मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
पिल्ला गैंग पर ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई