ऋषिकुल मैदान में सजा रंग-बिरंगा मेला, मौत का कुआं और जलपरी अंडर वाटर शो बना मुख्य आकर्षण
धर्मनगरी हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में इन दिनों भव्य मेले की रौनक देखते ही बन रही है। मेले का शुभारंभ हो चुका है और यह मेला 31 मार्च तक शहरवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मनोरंजन का खास केंद्र बना रहेगा। मेले का संचालन राजेश रावत के नेतृत्व में किया जा रहा है, जहां हर आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन की आकर्षक व्यवस्था की गई है।
मेले में प्रवेश करते ही रंग-बिरंगी रोशनी, मधुर संगीत और उत्साह से भरा माहौल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक के लिए यहां अलग-अलग प्रकार के मनोरंजक झूले और गतिविधियां लगाई गई हैं, जिनका लोग जमकर आनंद उठा रहे हैं। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण “मौत का कुआं” बना हुआ है, जहां कलाकार तेज रफ्तार बाइक से हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर रहे हैं। इसके अलावा डिस्को डांसिंग झूला, ऊंट की सवारी, कार झूला, हवाई जहाज झूला और बच्चों के लिए विशेष झूलों की व्यवस्था मेले की रौनक को और बढ़ा रही है। इस वर्ष मेले में पहली बार “जलपरी अंडर वाटर शो” भी प्रस्तुत किया जा रहा है, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस अनोखे शो को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
मेले में मनोरंजन के साथ-साथ खान-पान के स्टॉल, खिलौनों की दुकानें, घरेलू उपयोग के सामान और हस्तशिल्प की दुकानें भी सजी हुई हैं, जहां लोग खरीदारी का भी आनंद ले रहे हैं। मेले के संचालक राजेश रावत ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य हरिद्वार के नागरिकों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आनंदमय और यादगार मनोरंजन उपलब्ध कराना है। परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए यह मेला एक शानदार अवसर प्रदान कर रहा है। हर शाम रंगीन रोशनी और उत्साह से जगमगाता यह मेला 31 मार्च तक लोगों का भरपूर मनोरंजन करता रहेगा।

More Stories
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सिवरेज के लिए खोदी गई सड़कों को त्वरित गति से ठीक करने के लिए दिन- रात किया जा रहा है निमार्ण कार्य
जनपद में पी सी पी एन डी टी अधिनियम 1994 का उल्लंघन करने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के अनुमोदन पर दो व्यक्तियों के विरुद्ध अपराधिक मुकदमा दर्ज किए जाने की संस्तुति
बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर आज साय कालीन आरती दर्शन तक लगभग 13 लाख 5 हजार श्रद्धालुओं द्वारा मां गंगा के विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान कर अपने गंतव्य को प्रस्थान कर चुके