March 25, 2026

हरिद्वार को चमकाने की तैयारी तेज़: नगर आयुक्त के सख्त निर्देश, हर वार्ड बनेगा आदर्श

*हरिद्वार को चमकाने की तैयारी तेज़: नगर आयुक्त के सख्त निर्देश, हर वार्ड बनेगा आदर्श*

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने कमर कस ली है। बुधवार को नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।

बैठक में साफ तौर पर कहा गया कि प्रत्येक वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जाए, जिसके लिए सभी सफाई निरीक्षकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

*कार्रवाई और निगरानी होगी तेज़*

नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) वेस्ट फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई बढ़ाई जाए। प्रत्येक सफाई निरीक्षक को प्रतिदिन कम से कम 10 चालान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

*बड़े कचरा उत्पादकों पर सख्ती*

बैठक में Bulk Waste Generators (बड़े कचरा उत्पादकों) की निगरानी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। खासतौर पर गीले कचरे के उचित निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए।

*डिस्लजिंग वाहनों के पंजीकरण के निर्देश*

नगर क्षेत्र में संचालित सभी डिस्लजिंग वाहनों का तत्काल पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सेफ्टी मैनेजमेंट प्रोटोकॉल के तहत सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

*ज्वालापुर में गोबर प्रबंधन पर फोकस*

ज्वालापुर क्षेत्र में गोबर के 100 प्रतिशत संग्रहण और उसके समुचित प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।

*अधिकारी रहे मौजूद*

बैठक में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी सहित मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सुनील कुमार, मनोज कुमार, अर्जुन सिंह, श्रीकांत, विकास झाझर, विकास चौधरी तथा सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल और सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।