श्री बाबा नीम करोली महाराज” फिल्म का भव्य व दिव्य ट्रेलर लॉन्च
पूज्य संतों के संदेशों से गूंजा देवभूमि का आकाश
आस्था, सेवा और आध्यात्मिकता का संगम- बाबा नीम करोली महाराज पर आधारित फिल्म 24 अप्रैल को होगी प्रदर्शित
पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी, पूज्य स्वामी रामदेव जी के सान्निध्य में माननीय मुख्यमंत्री, उत्तराखंड़ श्री पुष्कर सिंह धामी जी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ “श्री बाबा नीम करोली महाराज” फिल्म का ट्रेलर लॉन्च
देहरादून, 13 अप्रैल। उत्तराखंड की पावन धरती भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता के दिव्य संगम की भूमि है। यहीं से वेदों के मंत्र गूंजे, मां गंगा का निर्मल संगीत प्रवाहित हुआ और हिमालय की वादियों ने ऋषि-मुनियों की तपस्या को साक्षी बनाया। यह भूमि केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, बल्कि हमें शांति और ईश्वर से जुड़ने का मार्ग भी प्रदान करती है। यहाँ की हर धारा, हर शिखर और हर कण में दिव्यता का स्पंदन अनुभव होता है।
उत्तराखंड सदियों से साधकों, संतों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था और साधना का केंद्र है और इस पावन भूमि में स्थित है दिव्य तीर्थ कैंची धाम, जो बाबा नीम करोली महाराज की साधना स्थली है। इसी पर बनी एक बहुप्रतीक्षित आध्यात्मिक फिल्म “श्री बाबा नीब करौरी महाराज” के ट्रेलर का भव्य व दिव्य लॉन्च समारोह आज माननीय मुख्यमंत्री आवास, देहरादून में आयोजित किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी एवं योगगुरू पूज्य स्वामी रामदेव जी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, उनके पावन सान्निध्य ने इस आयोजन को और अधिक दिव्यता और प्रेरणा प्रदान की।
यह फिल्म 24 अप्रैल 2026 को देशभर के पीवीआर सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। “श्री बाबा नीम करोली महाराज” एक ऐसी भक्ति-प्रधान सिनेमाई प्रस्तुति है, जो पूज्य संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं को अत्यंत भावपूर्ण और प्रभावशाली ढंग से दर्शाती है। नीम करोली बाबा जी का जीवन निस्वार्थ सेवा, प्रेम, करुणा और ईश्वर-भक्ति का जीवंत उदाहरण रहा है। उनके द्वारा दिए गए संदेश “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो, और भगवान को याद रखो” आज भी अनेक साधकों के जीवन को दिशा और प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि पूज्य संतों और महापुरुषों का जीवन केवल हमारा इतिहास नहीं, बल्कि जीवंत प्रेरणा है। उनके जीवन पर फिल्में बनना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उस दिव्य आस्था, गहन ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना को समझ सकें, जिसे उन्होंने तप, साधना और एकांत गुफाओं-कन्दराओं में रहकर प्राप्त किया और मानवता को समर्पित किया। उनके उपदेश, मंत्र और संदेश जीवन को दिशा देने वाले प्रकाश स्तंभ हैं। यदि इन्हें सिनेमा के माध्यम से प्रस्तुत किया जाए, तो यह न केवल संस्कृति का संरक्षण करेगा, बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़कर उन्हें सशक्त और जागरूक बनाएगा।
योगगुरु पूज्य स्वामी रामदेव जी ने कहा कि उत्तराखंड की यह पावन भूमि केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत केंद्र है। यहाँ की वादियों में साधना की ऊर्जा और प्रकृति की पवित्रता समाहित है, जो हमें स्वस्थ, संतुलित और जागरूक जीवन की ओर प्रेरित करती है। हमें अपने संतों, ऋषियों और महापुरुषों की इस महान परंपरा को सहेजना और आगे बढ़ाना होगा।

माननीय मुख्यमंत्री, उत्तराखंड़ श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने कहा कि “श्री बाबा नीम करोली महाराज” फिल्म एक आध्यात्मिक यात्रा है, जो दर्शकों को आत्मचिंतन, श्रद्धा और भक्ति के मार्ग पर प्रेरित करती है। फिल्म में बाबा के जीवन के विभिन्न पहलुओं, उनके चमत्कारों, भक्तों के साथ उनके अद्भुत अनुभवों, और मानवता के प्रति उनके अटूट प्रेम, को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यही तो उत्तराखंड़ की दिव्य संस्कृति भी है।
फिल्म में बाबा जी की भूमिका प्रसिद्ध अभिनेता सुभोध भावे द्वारा निभाई गई है, जिन्होंने अपने सशक्त अभिनय से इस दिव्य चरित्र को जीवंत किया है। वहीं, सिद्धि मां की भूमिका में समीक्षा भटनागर ने अत्यंत भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत किया है। फिल्म का निर्देशन एवं लेखन शरद सिंह ठाकुर द्वारा किया गया है, जिन्होंने इस आध्यात्मिक कथा को संवेदनशीलता और गहराई के साथ पर्दे पर उतारा है।
फिल्म का निर्माण अनिशा फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले किया गया है, जिसमें पीसी ज्वेलर लिमिटेड और बीएसआर फिल्म प्रोडक्शन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। इस परियोजना के प्रमुख निर्माताओं में बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़ग सिंह गौर और नीलम सिंह शामिल हैं, जिन्होंने इस दिव्य कथा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया है।

आयोजकों का मानना है कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आज के भागदौड़ भरे जीवन में, जहाँ मानसिक तनाव और अस्थिरता बढ़ती जा रही है, ऐसे में यह फिल्म शांति, संतुलन और आंतरिक शक्ति का संदेश लेकर आयेगी।
आयोजकों ने कहा कि श्री बाबा नीम करोली महाराज” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि मानवता, सेवा, प्रेम और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश देने वाली दिव्य कथा है। यह फिल्म हर दर्शक के हृदय को स्पर्श करेगी और उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करेगी।
ट्रेलर लॉन्च समारोह में अनेक गणमान्य अतिथियों, पूज्य संत-महात्माओं, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभाग किया।

More Stories
विकसित भारत के निर्माण हेतु स्व-गणना बेहद आवश्यक है:रंजन कुमार
सभी की सहभागिता से ही हो सकता है गौमाता का संरक्षण संवर्धन:राजेश दवे
एक्स मुस्लिम यात्रा को लेकर गंगा अध्यक्ष के बयान पर स्वामी रामविशाल दास ने किया पलटवार