May 21, 2026

आर्थिक देशभक्ति को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है:रंजन कुमार

*आर्थिक देशभक्ति” को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है* – *रंजन कुमार*

हरिद्वार, 21 मई: दुनिया में बढ़ते वैश्विक तनाव और ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने सभी कर्मचारियों से ईंधन की बचत को जन-आंदोलन बनाने की अपील की है । इस अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से, वह महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संतोष कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पैदल कार्यालय पहुंचे । साथ ही फैक्ट्री परिसर में भी उन्होंने पैदल ही आवागमन किया ।

हरिद्वार इकाई के सभी कर्मचारियों के नाम अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है । श्री रंजन कुमार ने माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन की खपत को कम करने के संदर्भ में दिए गए “आर्थिक देशभक्ति” के संदेश को आत्मसात करते हुए, पेट्रोल एवं डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया है । उन्होंने सभी से अपील की, कि वे अपने सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत जीवन में वाहनों का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करें, जिससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा ।

श्री रंजन कुमार ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर बड़े सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बीएचईएल हरिद्वार परिवार हमेशा की तरह, राष्ट्र हित के इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा । साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाने तथा इस मुहिम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि बीएचईएल हरिद्वार द्वारा ऊर्जा तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जाते रहे हैं और भविष्य में भी इस दिशा में जन-जागरूकता को बढ़ावा देने वाली विभिन्न पहल जारी रहेंगी ।