June 11, 2026

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, टूरिस्ट एवं यात्री बसों का विशेष निरीक्षण अभियान

*यातायात पुलिस हरिद्वार*

*यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, टूरिस्ट एवं यात्री बसों का विशेष निरीक्षण अभियान*

*SSP हरिद्वार के निर्देश पर यातायात पुलिस, सीपीयू एवं परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई*

दिनांक 10 जून 2026 को जनपद हरिद्वार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक यातायात के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस हरिद्वार, सीपीयू टीम एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान का उद्देश्य बसों में आग लगने की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान इलेक्ट्रिक बसों सहित अन्य यात्री बसों का गहन निरीक्षण किया गया तथा चालकों एवं परिचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया।

निरीक्षण के दौरान बसों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguishers) की स्थिति, उनकी वैधता एवं उपयोगिता की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, समय-समय पर जांच एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त बसों के आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exit) एवं निकासी मार्गों को हर समय अवरोध मुक्त एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बसों में स्थापित अन्य सुरक्षा उपकरणों का भी परीक्षण किया गया तथा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश बसों की खिड़कियों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने हेतु निर्देशित किया गया।

यातायात पुलिस हरिद्वार, सीपीयू एवं परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे, जिससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।

सुरक्षित यात्रा के लिए वाहन संचालक निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें।