August 16, 2026

22 जून को मणिगुह में लगेगा बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर, एक ही स्थान पर मिलेंगी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की सुविधाएं

22 जून को मणिगुह में लगेगा बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर, एक ही स्थान पर मिलेंगी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की सुविधाएं

मुख्य विकास अधिकारी करेंगे जनकल्याणकारी शिविर की अध्यक्षता, आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में जनसामान्य को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से दिनांक 22 जून 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, मणिगुह (तहसील रुद्रप्रयाग) में प्रातः 11:00 बजे से बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत करेंगे।

शिविर के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जाएगा। केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी एवं वीबी-जी राम सहित अन्य योजनाओं के लिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

बहुउद्देशीय शिविर में जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा अपने-अपने विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही स्थानीय नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को मौके पर सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में प्रतिभाग कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

You may have missed