June 21, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऊखीमठ में योग शिविर आयोजित, स्थानीय युवाओं के लिए योग आधारित रोजगार के अवसरों पर जोर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऊखीमठ में योग शिविर आयोजित, स्थानीय युवाओं के लिए योग आधारित रोजगार के अवसरों पर जोर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को विकासखंड ऊखीमठ अंतर्गत ग्राम पंचायत डुगर सेमला में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक आशा नौटियाल उपस्थित रहीं। उनके साथ खंड विकास अधिकारी सुश्री अनुष्का, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीति पुष्पवान, श्री अमित मैखण्डी, कनिष्ठ उप प्रमुख श्री प्रदीप त्रिवेदी सहित ग्राम डुगर सेमला के प्रधान, वन पंचायत सरपंच एवं आसपास की ग्राम पंचायतों पेलिंग, उथिंड, भीगी, डुगरसेमला तथा पठाली के ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात योग प्रशिक्षक श्री प्रमेन्द्र कुँवर एवं कु. अमीशा राणा ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र के दौरान स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि “योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक जीवनशैली का भी आधार है। ऊखीमठ जैसे पर्यटन क्षेत्र में योग एवं ध्यान आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है,
खंड विकास अधिकारी अनुष्का ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड ऊखीमठ तीर्थ एवं पर्यटन की दृष्टि से एक समृद्ध क्षेत्र है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए योग और ध्यान को रोजगार के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित किया जा सकता है।उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर योग एवं ध्यान आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। प्रथम चरण में 15 योग कैडर तैयार किए जाएंगे, जिन्हें स्थानीय होमस्टे और रिसॉर्ट्स में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा। इस पहल के लिए पंचकेदार होमस्टे एसोसिएशन के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
पंचकेदार होमस्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कैलाश पुष्पवान ने इस पहल का स्वागत किया। वहीं जिला पंचायत सदस्य अमित मैखण्डी ने स्थानीय रिसॉर्ट्स में इस योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।