June 28, 2026

केदारनाथ यात्रा के दौरान घोड़े से गिरी हरियाणा की महिला यात्री, एसडीआरएफ-वाईएमएफ की टीम ने किया रेस्क्यू

केदारनाथ यात्रा के दौरान घोड़े से गिरी हरियाणा की महिला यात्री, एसडीआरएफ-वाईएमएफ की टीम ने किया रेस्क्यू

श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आई एक 44 वर्षीय महिला यात्री घोड़े से गिरकर घायल हो गई। समय पर सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और वाईएमएफ की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को रेस्क्यू कर गौरीकुंड बाजार तक सुरक्षित पहुंचाया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि गौरीकुंड में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट से सूचना मिली थी कि केदारनाथ से गौरीकुंड आते समय ‘छोड़ी’ नामक स्थान पर एक महिला यात्री घोड़े से गिर गई है।

सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और वाईएमएफ की रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। टीम ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद गौरीकुंड बाजार तक पहुंचाया। बताया गया कि घायल महिला की पहचान हरियाणा निवासी सुलेखा, उम्र 44 वर्ष के रूप में हुई है। वह केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।

प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और घोड़ा-खच्चर पर यात्रा करते समय सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने की अपील की है।