जखोली ब्लॉक की बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाए विकास के मुद्दे, विभिन्न प्रस्तावों पर हुई विस्तृत चर्चा
विकासखंड जखोली के ब्लॉक सभागार में आज ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विनीता चमोली की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकासात्मक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास, विद्युत एवं ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे और संबंधित विभागों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विनीता चमोली ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां स्थानीय समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखा जाता है और उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाती है।
बैठक में ग्राम प्रधान टाट ने बाल विकास विभाग से संबंधित मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र की मरम्मत कराने के साथ-साथ सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। उनका कहना था कि सुरक्षा दीवार बनने से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और ग्रामीणों को भी बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
वहीं ग्राम प्रधान बांसी ने अपने गांव स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने एवं आवश्यक सुविधाएं विकसित करने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़े इस केंद्र को नया स्वरूप मिल सकेगा।
ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सर्वेक्षण की तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि कई पात्र ग्रामीण अब तक सर्वेक्षण प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं। यदि सर्वेक्षण अवधि बढ़ाई जाती है तो अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
इसके अलावा प्रधान ग्राम पंचायत चौरा ने अपनी ग्राम पंचायत में सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि गांव के कई सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को रात के समय कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सोलर लाइट लगने से न केवल रोशनी की समस्या दूर होगी बल्कि ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्राम प्रधान मुन्नादेवल पुनीत डिमरी ने क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को लेकर नहरों की मरम्मत की मांग रखी। उन्होंने बताया कि कई नहरें क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है। नहरों की मरम्मत होने से कृषि कार्य सुचारु रूप से संचालित होंगे और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक जानकारी साझा की तथा समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।
बैठक के अंत में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विनता चमोली ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सतत संवाद एवं सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रितु नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार,उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

More Stories
रुद्रपुर के समग्र विकास ज्वलंत एवं जनहित के मुद्दों पर मेयर विकास शर्मा ने कुमाऊँ आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से की मुलाकात
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित हुयी
राज्य स्तरीय माॅक ड्रिल की तैयारियां परखीं