जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र प्राधिकृत समिति एवं एकल खिड़की व्यवस्था की बैठक आयोजित, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला उद्योग मित्र प्राधिकृत समिति एवं एकल खिड़की व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, उद्यमियों की समस्याओं तथा औद्योगिक आस्थान भटवाड़ीसैण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र ने पूर्व बैठक (12 फरवरी 2026) में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि सभी निर्देशों का नियमानुसार अनुपालन किया जा चुका है।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान भटवाड़ीसैण में निर्माणाधीन पार्किंग एवं मुख्य गेट के कार्य, नालियों की समुचित निकासी, औद्योगिक इकाइयों के माल के परिवहन हेतु भूमि चिन्हित किए जाने तथा पेयजल समस्या के समाधान की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
औद्योगिक आस्थान में लंबे समय से आवंटित होने के बावजूद कार्य प्रारंभ न करने वाले मै० पॉलिगॉन केमिकल्स लिमिटेड एवं पब्लिसिटी भटवाड़ीसैण के प्रकरण पर भी बैठक में चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जनहित को दृष्टिगत रखते हुए अंतिम निर्णय से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति को दोनों प्रकरणों की स्थलीय जांच कर यथास्थिति सहित विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, जिसके आधार पर अग्रिम निर्णय लिया जाएगा।इसके अलावा उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत उपादान दावों की नियमानुसार जांच कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम रमाकांत गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, कोषाधिकारी चंद्रमोहन, जिला अभिहित अधिकारी मनोज कुमार सेमवाल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल पुरोहित, औद्योगिक आस्थान भटवाड़ीसैण के अध्यक्ष प्रमोद गुंसाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

More Stories
सेवा सुशासन एवं जन कल्याण के धामी सरकार 5 वर्ष
मुख्यमंत्री की पहल पर राज्यभर में ‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’- सेवा सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा
आग लगने की घटनाओं से बचाओ के लिए फायर ऑडिट, मौके पर सुरक्षा उपकरणों की की गई जांच