भारी बारिश के चलते विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया स्थलीय निरीक्षण
जल निकासी के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश, नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील
हरिद्वार, जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल स्थित गुरुबख्श विहार तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के निकट जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी का कार्य तत्काल प्रभाव से कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए, जिससे शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल जल निकासी की कार्रवाई की जाए तथा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं एवं विशेष रूप से नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में सभी लोग सतर्क रहें तथा अनावश्यक रूप से गंगा घाटों एवं नदी किनारों की ओर न जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को लगातार जागरूक किया जाए और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, जल निगम के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



More Stories
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा को लेकर परिक्षा केंद्रों में धारा 163 लागू
विकासखंड मुख्यालय नारसन में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा शिविर का किया गया आयोजन
लगातार बारिश के चलते जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश