July 31, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि।

माननीय मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा व सरोपा भेंट कर किया भव्य स्वागत।

गदरपुर। सूबे के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कम्बोज धर्मशाला गदरपुर में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह जी की शहादत दिवस पर शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आयोजित अखण्ड पाठ में प्रतिभाग किया व गुरूद्वारे में मत्था टेका प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज यहां आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता एवं आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें एक साथ दो सौभाग्य प्राप्त हुए हैं। पहला, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ में सम्मिलित होकर पावन गुरबाणी का श्रवण करने तथा गुरु साहिब के चरणों में मत्था टेकने का अवसर मिला। दूसरा, भारत माता के अमर सपूत शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समागम वीरता और पवित्रता का अद्भुत संगम है। जब भी हम अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हैं तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1919 का जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और काला अध्याय था, जिसने प्रत्येक भारतीय के हृदय को पीड़ा से भर दिया था। उस अमानवीय नरसंहार की वेदना को शहीद ऊधम सिंह ने 21 वर्षों तक अपने हृदय में संजोए रखा और न्याय की भावना को जीवित रखा। अंततः सात समंदर पार जाकर उन्होंने उस अन्याय का प्रतिकार किया और पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि अमर शहीद ऊधम सिंह का जीवन हमें साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है। उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना का संचार करता है तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की यह प्रेरणा हमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं। ये शिक्षाएं केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र को प्रेरित करने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को सदैव अपने हृदय में जीवित रखें तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र नामधारी,फरजाना बेगम , रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला,प्रदेश मंत्री भाजपा गुंजन सुखीजा, अध्यक्ष नगर पालिका गदरपुर मनोज गुम्बर, अध्यक्ष नगर पंचायत गुलरभोज सतीश चुघ, अध्यक्ष नगर पंचायत दिनेशपुर मंजीत कौर,सुखदेव सिंह नामधारी,राजेश कुमार, किशन सिंह कंबोज,टेक चंद कंबोज, सुरेश कंबोज,राजेंद्र कंबोज,आदि मौजूद थे।