जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की दी हार्दिक शुभकामनाएं
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद रुद्रप्रयाग के समस्त जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देशभक्तों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने देश, प्रदेश, समाज, गांव एवं जनपद को स्वच्छ, सुरक्षित एवं विकसित बनाने में अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ाई लड़ना और सकारात्मक बदलाव के लिए कार्य करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग को स्वच्छ, सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध जनपद बनाने की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने जनपदवासियों से राष्ट्रहित एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने तथा विकास की यात्रा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति नए संकल्प लेने का पर्व भी है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं एकता की भावना को मजबूत करते हुए विकसित और समृद्ध रुद्रप्रयाग के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

More Stories
120 वे वार्षिकोत्सव पर सीता खोज,जटायु उद्धार,शबरी संवाद,सुग्रीव मित्रता,बाली वध लीला का मंचन रंगमंच पर किया गया
12 दिसम्बर 2026 को प्रदेशभर में आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
प्रवक्ता संवर्ग परीक्षा के मद्देनजर हरिद्वार में परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू