August 26, 2026

भरदार क्षेत्र को मिली ₹65 करोड़ से अधिक की सड़कों की सौगात

*जिला सूचना अधिकारी कार्यालय, जनपद रुद्रप्रयाग,26 अगस्त 2026*

*भरदार क्षेत्र को मिली ₹65 करोड़ से अधिक की सड़कों की सौगात*

*कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने पीएमजीएसवाई की तीन सड़कों का किया शिलान्यास*

सौराखाल भरदार में आज कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने भरदार क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹65 करोड़ से अधिक है। सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और दर्जनों गांवों को सड़क संपर्क का लाभ प्राप्त होगा। कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने विकासखंड जखोली में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत जवाड़ी बाईपास से मल्यासु-कोटली-बांसी मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। इसकी लंबाई 14.925 किलोमीटर तथा लागत ₹24.95 करोड़ है। इसके साथ ही वीराणगांव-जाखाल मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया गया, जिसकी लंबाई 8.025 किलोमीटर और लागत ₹12.63 करोड़ है। वहीं तिलवाड़ा-सौराखाल मोटर मार्ग के किमी-8 से अन्द्रीया डांग (घेंघड़) मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया गया। इस सड़क की लंबाई 4.85 किलोमीटर तथा लागत ₹7.77 करोड़ है। इस अवसर पर बड़ियारगढ़-धौढंगी से सौराखाल तक मोटर मार्ग के अपग्रेडेशन एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। इस सड़क की लंबाई 13.52 किलोमीटर तथा लागत ₹12.21 करोड़ है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भरदार क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में भरदार क्षेत्र के विकास के लिए ₹232 करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत एवं संचालित की गई हैं, जिनमें अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष पर कार्य गतिमान है। उन्होंने बताया कि सेमलता-डूंगरा-कफना मोटर पुल के निर्माण के लिए ₹6.32 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस पुल के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने सौंदा-क्वीलाखाल पेयजल योजना के संबंध में बताया कि वन स्वीकृति के कारण योजना का कार्य रुका हुआ था। अब वन स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और योजना का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। भरदार क्षेत्र में जारी विकास कार्य इसी दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम कठैत , जिलाध्यक्ष श्री भारत भूषण भट्ट, बद्री-केदार मंदिर केदार समिति के उपाध्यक्ष श्री विजय कपरवान, श्री वाचस्पति सेमवाल, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।