August 31, 2026

श्री केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा

श्री केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा

मानसून अवधि समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में संभावित वृद्धि के दृष्टिगत अलर्ट मोड पर कार्य करने तथा एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

यात्रा मार्ग पर शौचालयों में स्वच्छता एवं जल व्यवस्था सुचारू रखने करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में श्री केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा सभी विभाग अलर्ट मोड पर कार्य करते हुए आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के पश्चात श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, खाद्य सामग्री, परिवहन एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को पहले से ही पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग एवं पैदल मार्गों का निरीक्षण करने वाली प्रत्येक विभागीय टीम अपने निरीक्षण के दौरान वहां स्थापित शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था एवं जल की उपलब्धता का भी अनिवार्य रूप से जायजा ले। उन्होंने निर्देश दिए कि शौचालयों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पानी तथा आवश्यक सफाई सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं प्रमुख यात्रा पड़ावों पर आवश्यक खाद्य सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैस सिलेंडर एवं अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति व्यवस्था को भी सुचारू एवं व्यवस्थित रखा जाए, जिससे यात्रा के द्वितीय चरण में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप किसी प्रकार की कमी न होने पाए।

चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुचारू रूप से बनाए रखी जाए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं मेडिकल रिलीफ पोस्ट में आवश्यक दवाइयों, उपकरणों एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूर्ण रूप से तैयार रहें।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग एवं पैदल मार्ग पर जहां भी किसी प्रकार की कमी अथवा आवश्यकता सामने आती है, उसे तत्काल चिह्नित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि द्वितीय चरण की यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं से संबंधित सभी विभाग अपनी-अपनी कार्ययोजना के अनुसार तैयारियों को अंतिम रूप दें तथा नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करते रहें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि यात्रा के द्वितीय चरण में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें तथा विभागीय स्तर पर की गई तैयारियों की प्रगति से भी अवगत कराया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पारुल गोयल, अधिशासी अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग संजीव कुमार सैनी, लोनिवि उखीमठ आर.पी नैथानी, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला पूर्ति अधिकारी के०एस० कोहली, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अखिलेश मिश्रा, एसडीओ दिवाकर पंत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।