*केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, 24×7 निगरानी करेगा आपदा कंट्रोल रूम*
जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम पूर्व की भांति 24×7 सक्रिय रहेगा। कंट्रोल रूम से पूरे यात्रा मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौसम, यात्रा मार्ग एवं अन्य परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेगी। आवश्यकता के अनुसार यात्रा मार्ग पर स्थापित अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति, मार्ग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे कंट्रोल रूम से यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग को कुल 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनमें सात सेक्टर पैदल यात्रा मार्ग पर हैं। सभी सेक्टरों में तैनात टीमें आपसी समन्वय एवं सामंजस्य के साथ कार्य करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता एवं राहत पहुंचाई जा सके।
उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमआरएफ, म्यूल टास्क फोर्स तथा आपदा मित्रों की टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी।

More Stories
अपर जिलाधिकारी ने सैंजी गांव का भ्रमण कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश
एसएसपी हरिद्वार द्वारा 76 पुलिस कर्मियों का किया स्थानांतरण
चैकिंग के दौरान हरिद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी