रुद्रप्रयाग में 1 अक्टूबर से निष्क्रिय राशन कार्डों का स्वतः निष्क्रियकरण शुरू, जिला पूर्ति अधिकारी ने की समय पर e-KYC कराने की अपील
जनपद रुद्रप्रयाग में स्मार्ट पीडीएस पर निष्क्रिय एवं डुप्लीकेट राशन कार्डों तथा दोहरे लाभार्थियों के स्वतः निष्क्रियकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने सभी राशन कार्ड उपभोक्ताओं से अपील की है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में दिनांक 01 अक्टूबर, 2026 से स्मार्ट पीडीएस पर निष्क्रिय राशन कार्डों के स्वतः निष्क्रियकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 21 तारीख को ऐसे राशन कार्ड चिह्नित किए जाएंगे, जिन पर लगातार 06 माह की अवधि में कोई सफल खाद्यान्न वितरण लेन-देन नहीं हुआ है। चिह्नित राशन कार्डों को अगले माह की 01 तारीख को स्वतः निष्क्रिय कर दिया जाएगा।
पात्र लाभार्थी 90 दिन में कराएं सत्यापन
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि ऐसे राशन कार्डधारक, जिन्होंने विगत 06 माह से अपने कार्ड पर खाद्यान्न प्राप्त नहीं किया है, वे 90 दिवस की निर्धारित अवधि के भीतर अपने राशन कार्ड की e-KYC एवं क्षेत्रीय सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड अनावश्यक रूप से निष्क्रिय न हों। सत्यापन में पात्रता पाए जाने पर नियमानुसार पुनः सक्रियकरण की कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के मोबाइल नंबर गलत, निष्क्रिय अथवा राशन कार्ड से लिंक न होने के कारण SMS सूचना प्राप्त नहीं हो रही है, वे व्यक्तिगत रूप से संबंधित उचित दर विक्रेता (FPS) अथवा संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर अपना विवरण अद्यतन कराएं।
अंत में उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समय रहते e-KYC एवं आवश्यक सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण कर लें। अन्यथा की स्थिति में संबंधित लाभार्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

More Stories
ऋषिकुल को आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा के विशिष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए : मुख्यमंत्री
हर स्कूल का बनेगा आपदा प्रबंधन प्लान
प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जायेगा : मुख्यमंत्री