September 17, 2026

बीएचईएल हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

बीएचईएल हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

“भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्मशीलता के प्रतीक हैं” : रंजन कुमार, कार्यपालक निदेशक

हरिद्वार: अभियांत्रिकी, उद्योग एवं हस्तशिल्प के आराध्य देव भगवान विश्वकर्मा की जयंती आज बीएचईएल हरिद्वार परिसर में पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न वर्कशॉपों एवं कार्यालयों में विधिवत ‘श्री विश्वकर्मा पूजन’ का आयोजन किया गया।

बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने विभिन्न विभागों में आयोजित पूजन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर संस्थान की प्रगति एवं कर्मचारियों की समृद्धि की कामना की।

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री रंजन कुमार ने कहा, “भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्मशीलता के प्रतीक हैं। उनकी जयंती हमें अपने कार्य के प्रति पूर्ण समर्पण, अनुशासन और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देती है। बीएचईएल जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के लिए यह दिवस तकनीकी उत्कृष्टता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर है।”

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुमति शर्मा सहित अन्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।