जवाहर नवोदय विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग का निरीक्षण
जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी
भोजनालय का निरीक्षण कर जांची भोजन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों को दिए स्वस्थ रहने के टिप्स
रुद्रपुर।विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सी एम ओ डॉ एस के गोस्वामी ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड का नियमित निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विद्यालय के भोजनालय, रसोईघर एवं छात्रावास का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों को मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
रसोईघर और भोजन की गुणवत्ता की जांच
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विद्यालय के मुख्य रसोईघर एवं भोजनालय का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोई की स्वच्छता, बर्तनों की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव तथा भोजन की गुणवत्ता की जांच की।
खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत तैयार भोजन के साथ-साथ दाल, चावल एवं कच्चे मसालों के नमूने भी लिए गए।
निरीक्षण के दौरान भोजन एवं स्वच्छता से संबंधित मानक उचित एवं गुणवत्तापूर्ण पाए गए।
सीएमओ ने भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हमेशा स्वच्छ, ताजा, पौष्टिक एवं सुरक्षित भोजन ही परोसा जाए।
सीएमओ डॉ. एस.के. गोस्वामी ने छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से भोजन के स्वाद, मेन्यू, स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्यालय में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र के दौरान सीएमओ ने विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए उन्होंने बच्चों को बताया कि भोजन करने से पहले तथा शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत डालें।
मौसमी बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया एवं वायरल बुखार से बचने के लिए विद्यालय परिसर और आसपास पानी जमा न होने दें तथा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। पौष्टिक भोजन, हरी सब्जियों एवं अन्य आवश्यक खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन करें।दिनभर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी पिएं। नियमित स्नान, साफ कपड़े और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि एवं सकारात्मक सोच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रमोद कुमार विद्यार्थी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा दिए गए सभी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी निर्देशों का विद्यालय में गंभीरता से पालन किया जाएगा। विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय प्रशासन निरंतर प्रयासरत रहेगा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की नर्स सुश्री सूबी एवं केटरिंग सुपरिंटेंडेंट श्री सुनील जी सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के इस निरीक्षण से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी और विद्यालय प्रशासन को भी भोजन एवं स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए।

More Stories
माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, सीएमओ डॉ. गोस्वामी और प्राचार्य डॉ. भैंसोड़ा ने किया रक्तदान
उत्तराखंड उदय एक्सपोर्ट 2026 एवं किसान मेले का मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया शुभारंभ
हर काम देश के नाम’*युद्ध अभ्यास 2026, औली