22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हरिद्वार में चलेगा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 12 स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा
22 विभागों की सहभागिता वाले इन शिविरों में जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण, आवेदन, पंजीकरण एवं लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा
हरिद्वार उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के सफल संचालन के लिए रोस्टर तैयार कर सभी विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
बहुदेशीय शिविरों का आयोजन निम्न विकासखण्ड एवं नगर पंचायत के क्षेत्रों में किया जाएगा। बहुउद्दिया शिविर कार्यक्रम (प्रातः 11:00 बजे से आयोजित)
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को विकासखंड बहादराबाद, 24 सितंबर को विकासखंड भगवानपुर, 26 सितंबर को नगर निगम हॉल,रुड़की,29 सितंबर को विकासखंड नारसन,01 अक्टूबर को विकासखंड लक्सर,03 अक्टूबर को विकासखंड खानपुर,06 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर,08 अक्टूबर को नगर पंचायत इब्राहिमपुर,09 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद मंगलौर,13 अक्टूबर को नगर पंचायत पिरान कलियर, 15 अक्टूबर को नगर पंचायत झबरेड़ा, 17 अक्टूबर 2026 को अटल उत्कृष्ट कन्या इंटर कॉलेज, भगवानपुर में जनजन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान को सफल बनाने में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, शिक्षा, पेयजल, ऊर्जा, वन, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, आपदा प्रबंधन सहित 22 विभाग शामिल है,जो अपने अपने विभाग के विकास योजनाओं के स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण, प्रमाणपत्र वितरण एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों,खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें,जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाएं तथा प्रत्येक शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करे,जिससे कि क्षेत्रीय जनता को इसका लाभ उपलब्ध हो सके।

More Stories
UKPSC प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 20-09-2026: हरिद्वार परीक्षा केंद्र के आसपास 200 मीटर परिधि में निषेधाज्ञा लागू
जिलाधिकारी के निर्देशन में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत ग्राम पंचायत सलेमपुर में स्वच्छता रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी आयोग के माननीय सदस्य विनय प्रताप सिंह 21 से 24 सितंबर तक करेंगे हरिद्वार जनपद का भ्रमण