September 22, 2026

कुंभ से पहले हरिद्वार में तारों का जंजाल होगा खत्म

कुंभ से पहले हरिद्वार में तारों का जंजाल होगा खत्म

15 दिन में झूलते और अव्यवस्थित तार व्यवस्थित करने के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश

बिजली, केबल और इंटरनेट कंपनियां मिलकर चलाएंगी अभियान

हरिद्वार, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में हरिद्वार नगरीय क्षेत्र में झूलते एवं अव्यवस्थित विद्युत, टीवी केबल और इंटरनेट तारों को व्यवस्थित करने के संबंध में बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में जहां भी झूलते या अव्यवस्थित तार हैं, उन्हें 15 दिनों के भीतर सुरक्षित एवं व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला और विभिन्न स्नान पर्वों को देखते हुए शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जहां भूमिगत विद्युत लाइनें बिछ चुकी हैं, वहां अनावश्यक पुराने तारों को हटाने तथा वर्तमान में उपयोग हो रहे तारों की बंचिंग कर व्यवस्थित किया जाए। अवैध एवं अनुपयोगी पुराने तारों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाकर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 2 से 3 माह में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी तारों के जंजाल और केबल क्लटर को व्यवस्थित कर हरिद्वार को बेहतर स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अव्यवस्थित तार दुर्घटनाओं का कारण बनने के साथ ही शहर की सुंदरता और स्वच्छता को भी प्रभावित करते हैं।

बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल एवं इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।