September 25, 2026

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

केंद्र पोषित योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें अधिकारी: सांसद अनिल बलूनी

पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध पहुंचे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ: सांसद बलूनी

दिशा की बैठक में पीएमजीएसवाई, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार रुद्रप्रयाग में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा० सांसद ने केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने वन विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

सांसद ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, विकसित भारत जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि, पूर्ति, खेल, श्रम एवं पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित केंद्र पोषित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

सांसद ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दिव्यांग पेंशन से संबंधित मामलों में विशेष सक्रियता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी सांसद को दी। उन्होंने विभागवार योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति एवं संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ श्री पंकज शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष रुद्रप्रयाग श्री संतोष रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भारत भूषण भट्ट, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री महावीर पंवार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी श्रीमती मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, समाज कल्याण अधिकारी श्री टी.आर. मलेठा, जिला पूर्ति अधिकारी श्री के.एस. कोहली, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीमती सोनी मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।