October 22, 2026

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की कॉलोनी में बने गोदाम में आग लगी

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में बने एक गोदाम में आग लग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में आग लगने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद पहले तो कॉलोनीवासियों ने पाइप के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि पानी के पाइप से नहीं बुझ पाई। जिसके बाद दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। तब जाकर कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।

हालांकि आग लगने से गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। बताते चले, ग्रीन पार्क कॉलोनी की गली नंबर- 18 में अब्दुल पुत्र यूसुफ निवासी ग्रीन पार्क का एक गोदाम है। इस गोदाम में लकड़ी के उपकरण यानी (लेम्प के स्टैंड) बनाने का कार्य किया जाता है, जिनको विदेश में एक्सपोर्ट किया जाता है। बीते देर रात गोदाम के कर्मचारियों ने गोदाम का कचरा इकट्ठा कर उसमें आग लगाई थी। जिसके बाद कर्मचारी आग को बुझाकर गोदाम को बंद कर अपने घर चले गए। बताया गया है कि आग पूरी तरीके से नहीं बुझी और धीरे-धीरे आग बढ़ती चली गई।

जिससे गोदाम में रखी लकड़ियों ने आग पकड़ ली, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसी बीच कॉलोनी के लोग सुबह नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद जाने लगे, नमाज पढ़ने जा रहे कॉलोनी के लोगों ने जैसे ही गोदाम में आग लगी देखी, उसके बाद भवन स्वामी को जगाया। आग को देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कॉलोनी वासियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, तब जाकर कॉलोनी वासियों ने राहत की सांस ली। गोदाम में आग बुझाने के उपकरण भी मौजूद नहीं थे। गोदाम में आग लगने से उसके बराबर में बने मकान में भी नुकसान पहुंचा है। बताया गया है कि आग लगने से गोदाम में रखा रंदा मशीन और अन्य उपकरण व सामान जलकर राख हो गया।

You may have missed