
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग,उत्तराखण्ड शासन द्वारा तैयार की गई पुस्तक ‘‘ मेरी योजना’’ का विमोचन ई0 बुक के रूप में किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रयासो की सराहना करते हुए कहा कि आम जनता के हित में लागू की जाने वाली विभिन्न योजनाओं को पुस्तक के माध्यम से सरल भाषा में समझाने का प्रयास किया गया है। इससे जन सामान्य को जनहितकारी योजनाओं को सरल भाषा में समझने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक जनप्रतिनिधियों तथा आमजनमानस के साथ-साथ अधिकारीगणों एवं कार्मिकों के लिए भी उपयोगी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया की जानकारी, आवेदन कैसे और कहां करना है एवं योजनाओं की पात्रता/चयन प्रक्रिया क्या है तथा आवेदन हेतु किन-किन आवश्यक दस्तावेजों की आवश्यकता रहती है। इससे संबंधित जानकारी को सुलभता से समझाने की प्रक्रिया को पुस्तक के रूप में सरल भाषा में समावेश किया जाना निश्चित रूप से सभी के लिए उपयोगी रहेगा।
सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन श्री दीपक कुमार ने बताया कि इस पुस्तक को प्रकाशित करने का मूल उद्देश्य जनसामान्य को जनकल्याणकारी, स्वरोजगारपरक, रोजगारपरक, कौशल विकास, प्रशिक्षणपरक एवं निवेशपरक योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराना है।
सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन ने बताया कि इस पुस्तक में लगभग 55 विभागों, संस्थाओं, संगठनों, बोर्ड, प्राधिकरण, एजेंसियों एवं आयोगों की लगभग 400 योजनाओं, नीतियों, कार्यक्रमों के मूलभूत सेवाओ, प्रमाणपत्रों, पोर्टल का समावेश किया गया है। इससे
राज्य सरकार के सभी विभागों द्वारा आमजनमानस के हित में संचालित की जाने वाली योजनाओं की जानकारी इस पुस्तक के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

More Stories
परमार्थ निकेतन में आयोजित नवरात्रि रिट्रीट में विश्व के अनेक देशों के प्रतिभागियों ने किया सहभाग
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी : EVM वेयरहाउस का राजनीतिक दलों के साथ संयुक्त निरीक्षण, 23 अक्टूबर से शुरू होगी FLC
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने किया आकांक्षी जनपद हरिद्वार का भ्रमण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट एवं पेयजल योजना का किया निरीक्षण