
देहरादून। मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने सचिवालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र देश की बहुत बड़ी विशेषता यह होती है कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को देश के शीर्षतम् पद तक पहुंचने का अधिकार देता है।
मुख्य सचिव ने सचिवालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम को सम्बोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत के संविधान में उल्लिखित नागरिकों के मूल कर्त्तव्यों पर ध्यान आकृषित करते हुए 10वें मूल कर्त्तव्य ‘व्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधि के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता की दिशा में निरन्तर प्रयास करना ताकि राष्ट्र निरन्तर प्रयास और उपलब्धि के उच्च स्तर तक पहुंचे‘ को आत्मसात् करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हम अपने उत्कृष्ट निर्णयों और कार्यों से प्रदेश और प्रदेश के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डाल कर उनके विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, श्री एल. फैनाई, सभी सचिव एवं अपर सचिव सहित सचिवालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

More Stories
वाराणसी में ‘हमारे मनु’ समारोह में पद्मश्री मनु शर्मा की साहित्यिक विरासत का भव्य उत्सव
SSP हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में टूटते रिश्तों को जोड़ने की कोशिशें, परिवारों में खुशियां लौटाने का प्रयास कर रही हरिद्वार पुलिस
आगामी त्यौहार के दृष्टिगत एसएसपी नवनीत सिंह के पर ग्राउंड जीरो पर उतरे पुलिस के जवान