
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस एसटीएफ कुमाऊं व सीआईयू की संयुक्त टीम ने दस माह से चोरी के मामले मंे फरार चल रहे एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। शातिर इनामी के तीन साथियों को कोतवाली रानीपुर पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
जानकारी के मुताबिक 10 फरवरी को रानीपुर क्षेत्र के ग्राम राजपुर स्थित मस्जिद के पास से आरोपित ने असलम पुत्र असगर की महिन्द्रा बोलेरो पिकअप को चोरी कर लिया था। जिसके संबंध में पीडि़त ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों अब्दुल कादिर, गुलशान व अर्शलान उर्फ अर्श को 12 फरवरी को गिरफ्तार करते हुए चोरी की बोलेरो बरामद कर ली थी। जबकि आरोपित पुलिस गिरफ्त से दूर रहा। आरोपित पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अन्य प्रांतों में भी दबिश दी, किन्तु आरोपित पुलिस गिरफ्त में नहीं आया। लगातार फरार रहने के कारण एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने आरोपित पर 4 दिसम्बर को 25 हजार के ईनाम की घोषणा की।
आरोपित फिरोज उम्र 26 वर्ष निवासी ककरोली जिला मुजफ्फरनगर उ.प्र. पर लगभग तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इस कारण पुलिस की हर पैंतरेबाजी के बारे में आरोपित जानता था। इनामी फिरोज जौनपुर एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में भेष बदलकर, आमजन के बीच घुल मिलकर कंबल और चादरों की फेरी लगाने का काम करता था।
आरोपित की तलाश में जुटी रानीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ कुमांऊ व सीआईयू हरिद्वार के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए ईनामी फिरोज को पीर वाला बाग, कस्बा ककरोली, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। इनामी फिरोज आदतन अपराधी है जिस पर चोरी, डकैती, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट आदि करीब 03 दर्जन मुकदमों की लंबी चौड़ी फेहरिस्त है एवं मुजफ्फरनगर उ.प्र. का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

More Stories
श्री विष्णु मंदिर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ हुआ कन्या पूजन
SSP हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर दशहरा पर्व की व्यवस्थाओं को परखने, दहन स्थलों पर पहुंचे SP City हरिद्वार
दशहरा पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस का यातायात डायवर्जन प्लान जारी