राशन कार्डधारकों के लिए बड़ी खबर — 15 दिसंबर तक कराएं ई-केवाईसी, वरना अस्थायी रूप से बंद हो जाएंगे कार्ड
जिले के समस्त राशन कार्डधारकों के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए 15 दिसंबर, 2025 तक ई-केवाईसी और मोबाइल नंबर सीडिंग अनिवार्य रूप से पूरा कराने का आवाहन किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले राशन कार्ड एवं यूनिटों को अस्थायी रूप से निष्क्रिय कर दिया जाएगा।
खाद्य आयुक्त द्वारा 21 एवं 29 नवंबर, 2025 को जारी निर्देशों के अनुसार पहले निर्धारित अंतिम तिथि 30 नवंबर को संशोधित करते हुए नई तिथि 15 दिसंबर, 2025 तय की गई है।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार बीमार, अत्यंत बुजुर्ग, असाध्य रोग से पीड़ित, अंगहीन अथवा बायोमेट्रिक सत्यापन में असमर्थ व्यक्तियों का डेटा सूचीबद्ध कर जिला पूर्ति कार्यालय को भेजा जाएगा, ताकि उन्हें राहत प्रदान की जा सके। वहीं 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों की ई-केवाईसी नहीं की जाएगी, लेकिन उम्र पूरी करने पर इसे अनिवार्य रूप से करवाना होगा।
राशन कार्डधारकों को ई-केवाईसी के समय मोबाइल नंबर अपडेट कराना भी अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि जनपद के सभी लाभार्थी अपने नजदीकी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता के पास जाकर निर्धारित तिथि से पहले बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराएं, ताकि किसी भी परिवार को राशन वितरण एवं अन्य सरकारी लाभों से वंचित न होना पड़े।
जिला प्रशासन ने आमजनता से समय पर सहयोग देने की अपेक्षा जताई है।

More Stories
बच्चों के जीवन से नही होने देंगे खिलवाड़, SSP नवनीत सिंह के यातायात पुलिस को सख्त निर्देश
बढ़े जलस्तर में तेज बहाव में फंसकर बोलेरो चालक सहित तीन बहे
ऑपरेशन प्रहार के तहत जुआ,सट्टा खेलने वालों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई