February 24, 2026

तिलवाड़ा बाजार में जिलाधिकारी के निरीक्षण का असर, सड़क से मलवा हटाने का कार्य हुवा तेज

*तिलवाड़ा बाजार में जिलाधिकारी के निरीक्षण का असर, सड़क से मलवा हटाने का कार्य हुवा तेज*

*जिलाधिकारी द्वारा चारधाम यात्रा से पूर्व जाम की समस्या के स्थायी समाधान हेतु अतिक्रमण व मलवा हटाने के दिए है निर्देश*

आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में कल जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा तिलवाड़ा बाजार क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया था।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिग्रहित भूमि से हटाए गए अतिक्रमणों की स्थिति का जायजा लिया तथा सड़क पर पड़े मलवे को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को दिए थे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चारधाम यात्रा से पूर्व किसी भी स्थिति में सड़क पर अवरोध की स्थिति नहीं रहनी चाहिए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आज तिलवाड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत सड़क पर पड़े मलवे को जेसीबी मशीनों के माध्यम से हटाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क पूर्ण रूप से आवागमन हेतु सुचारु रहे तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।