March 1, 2026

सर्विकल कैंसर के खिलाफ एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

*सर्विकल कैंसर के खिलाफ एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू*

*जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में हुआ शुभारंभ*

*14 साल की लड़कियों को लगेगा मुफ्त टीका, जनपद में 2282 को लगेगा टीका*

सर्विकल कैंसर के खिलाफ राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान के तहत जनपद में 14 वर्ष की 2282 लड़कियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।

जिला चिकित्सालय में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक श्री भरत सिंह चौधरी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर राजस्थान से शुभांरभ किए गए उक्त अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार जनस्वास्थ्य को लेकर लगातार संवदेनशील है, इसी का नतीजा है कि गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए एचपीवी राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लक्षित आयु वर्ग की लड़कियों का टीकाकरण करवाने की अपील की है। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने कहा कि अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगवाई जाएगी। बताया कि जनपद में लक्षित आयुवर्ग की 2282 लड़कियों के टीकाकरणक का लक्ष्य रखा गया हे, जिसमें अगस्त्यमुनि ब्लाक में 1055, जखोली ब्लाक में 855 व ऊखीमठ ब्लाक में 372 लड़कियां शामिल हैं। जनपद में श्रेया को टीका लगाकर एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन 20 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।

इस मौके पर सीएमएस डाॅ. शैलेंद्र द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी, डाॅ. मनीष, डीपीएम हिमांशु नौडियाल, एएनएम स्वाती उनियाल, गीता खन्ना, मीरा राणा, यशवंत राणा, जयवीर बिष्ट आदि मौजूद रहे। संचालन बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. मोनिका राणा द्वारा किया गया।