*जीवन के हर क्षेत्र में सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाएं: रंजन कुमार
हरिद्वार। 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में बीएचईएल हरिद्वार में, 04 मार्च से 17 मार्च तक आयोजित किए गए सुरक्षा पखवाड़ा का समापन, आज पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया । इस वर्ष के सुरक्षा पखवाड़े का विषय था “सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को शामिल करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” । समारोह के मुख्य अतिथि बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने, दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया ।
श्री रंजन कुमार ने अपने संबोधन में सभी कर्मचारियों से सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने, सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा कार्यस्थल पर शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त के लिए, निरंतर जागरूक रहने की अपील की । उन्होंने कहा कि अपने संस्थान की प्रगति एवं विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए, यह बेहद आवश्यक है कि हम सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को विशेष महत्व दें । महाप्रबंधक (डब्ल्यूईएंडएस, सीआईएक्स) श्री जे. के. पुण्डीर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हमें अपने कार्यक्षेत्र में सुरक्षा के प्रति सजग रहना होगा ।
समारोह में श्री नितेश महाजन, सुरक्षा अधिकारी, हीप तथा श्री अनिल मलिक, सुरक्षा अधिकारी, सीएफएफपी ने अपनी-अपनी इकाइयों में सुरक्षा एवं पर्यावरण से सम्बंधित कार्यों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की । सुरक्षा पखवाड़े के दौरान इस वर्ष की थीम पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएँ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पोस्टर, स्लोगन, कविता, अन्तर-विभागीय प्राथमिक चिकित्सा पेटी रख-रखाव आदि प्रतियोगिताएं तथा फायर ड्रिल एवं बचाव प्रदर्शन व सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शामिल रहे । समारोह में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया ।
इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, प्रमुख (एचएसई) हीप श्री ए. के. कटारिया, प्रमुख (एचएसई) सीएफएफपी श्री नारायण कुमार, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे ।

More Stories
मुख्यमंत्री ने आज लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट की
पांच जनपदों में माॅक ड्रिल से परखी गई तैयारियां
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दी जानकारी