चारधाम यात्रा–2026 के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में बाहरी राज्यों से आने वाले यात्री वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। यह अभियान जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित एवं नोडल परिवहन चारधाम यात्रा श्री संदीप सैनी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
अभियान का संचालन एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। इस दौरान जनपद के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं, चेकपोस्टों एवं संवेदनशील मार्गों पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की विस्तृत जांच की गई।
जांच के दौरान विभिन्न प्रकार के उल्लंघन सामने आए, जिनमें बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन, ओवरलोडिंग, परमिट एवं फिटनेस संबंधी अनियमितताएं प्रमुख रहीं। साथ ही कुछ वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत अतिरिक्त सीटें लगाई गई पाई गईं, जिन्हें तत्काल कार्यालय स्तर पर हटवाया गया तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत कुल 203 वाहनों के विरुद्ध चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघनों के दृष्टिगत 19 वाहनों को सीज (Seize) किया गया।
चेकिंग के दौरान विशेष रूप से निम्न बिंदुओं का सत्यापन किया गया:
प्रमाणपत्र
* ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता
* बीमा एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC)
* निर्धारित यात्री क्षमता एवं ओवरलोडिंग
* वाहन की तकनीकी स्थिति एवं सुरक्षा मानक
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्री सुरक्षा सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन के प्रति कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के विशेष अभियान आगामी अवधि में भी निरंतर जारी रहेंगे।
सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने वाहनों को पूर्ण वैध दस्तावेजों के साथ संचालित करें तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें, जिससे यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

More Stories
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
भूमि व अन्य परिसंपत्तियों के सर्वे को लेकर विभिन्न आपत्तियां दर्ज कराईं