*बीएचईएल में राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी कार्यशाला का आयोजन*
हरिद्वार(सुरेंद्र बोका़डिया)। भारत सरकार की राजभाषा नीति के और अधिक प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने की दृष्टि से बीएचईएल हरिद्वार में, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के सदस्य संस्थानों के कर्मचारियों हेतु, एक कार्यशाला का आयोजन किया गया । मानव संसाधन विकास केन्द्र (एचआरडीसी) में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता, बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संतोष कुमार गुप्ता ने की । इस कार्यशाला में सदस्य संस्थानों के लगभग 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया ।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री गुप्ता ने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रचार व प्रसार की दिशा में, बीएचईएल हरिद्वार सदैव तत्पर रहता है । उन्होंने बताया कि इकाई प्रमुख द्वारा भी राजभाषा गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है । साथ ही निरंतर कार्यशालाओं एवं विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन से भी, कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने की प्रेरणा मिलती रहती है । कार्यशाला के दौरान विशिष्ट वक्ता डॉ. नरेश मोहन ने प्रयोजन मूलक हिंदी, सचिव (नराकास) हरिद्वार श्री पंकज कुमार शर्मा ने राजभाषा नीति संबंधी अधिनियमों तथा राजभाषा अधिकारी श्री योगेंद्र प्रसाद ने, हिंदी ई-टूल्स आदि विषयों पर भी प्रकाश डाला ।
इससे पहले सचिव, राजभाषा कार्यान्वयन समिति सुश्री शशि सिंह, उप प्रबंधक (राजभाषा) ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया । कार्यशाला में अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री पार्थ सारथी गौडा तथा प्रभारी (एचआरडीसी) श्री हरीश सिंह बगवार सहित बीएचईएल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा राजभाषा विभाग के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे ।

More Stories
कुंभ 2027 की तैयारियां तेज : शहरी विकास मंत्री ने हरिद्वार का भ्रमण कर तैयारियों का लिया जायजा
चारधाम यात्रा; यात्री पंजीकरण बुलेटिन
मुख्यमंत्री धामी तराशे हुए हीरा, प्रदेश का कर रहे समुचित विकास: भरत चौधरी