May 20, 2026

कनखल में तारा शक्तिपीठ में मां तारा देवी वार्षिकोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कनखल में तारा शक्तिपीठ में मां तारा देवी वार्षिकोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हरिद्वार ।कनखल स्थित महानंद मिशन में बुधवार को मां तारा देवी के कन्या रूप दर्शन दिवस पर श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां तारा देवी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। हवन एवं यज्ञ किया गया तथा कन्या पूजन का विशेष आयोजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भक्तों को संबोधित करते हुए मां तारा देवी मंदिर महानंद मिशन की संचालिका स्वामी रत्ना गिरी महाराज ने कहा कि यह आयोजन पिछले 110 वर्षों से निरंतर श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मां तारा देवी की कृपा से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और धार्मिक आयोजनों में भाग लेते हैं।
उन्होंने कहा कि 20 मई 1915 को मां तारा देवी ने हमारे गुरु महाराज महानंद गिरी महाराज को कन्या रूप में दर्शन दिए थे। तभी से प्रतिवर्ष इस तिथि पर विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 110वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया।
मां तारा देवी मंदिर में आज सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां तारा देवी के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। आयोजन समिति के सदस्यों और सेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।