जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर से संबंधित बैठक आयोजित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा मंगलवार को अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जनपद अंतर्गत मान्यताप्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था चौबीसों घंटे प्रभावी रहे तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आवश्यक अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन कर नियमित संधारण करने तथा सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
वेयरहाउस निरीक्षण के उपरांत अगस्त्यमुनि में जिला क्रीड़ा कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाअध्यक्षों, नामित प्रतिनिधियों एवं बी०एल० ए० के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे भी पुनरीक्षण कार्य में सकारात्मक सहयोग प्रदान करें, जिससे मतदाता सूची अधिकाधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी रुद्रप्रयाग विपिन चंद्र जोशी, बहुजन समाज पार्टी से विक्रम लाल शाह, भाजपा से आनंद जनलोकी, बीएलए केदारनाथ मातबर सिंह राणा, उमा रानी, दीपा आर्या सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

More Stories
सेवा सुशासन एवं जन कल्याण के धामी सरकार 5 वर्ष
मुख्यमंत्री की पहल पर राज्यभर में ‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’- सेवा सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा
आग लगने की घटनाओं से बचाओ के लिए फायर ऑडिट, मौके पर सुरक्षा उपकरणों की की गई जांच