July 13, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में MY Bharat की समीक्षा बैठक आयोजित

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में MY Bharat की समीक्षा बैठक आयोजित

युवाओं को इंटर्नशिप, नेतृत्व, कौशल विकास, यूथ पार्लियामेंट एवं विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों एवं वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, उनकी नेतृत्व क्षमता विकसित करने, कौशल विकास, रोजगार, स्वयंसेवी गतिविधियों एवं विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत (MY Bharat) रोशन कुमार ने जिलाधिकारी को MY Bharat संगठन के उद्देश्यों, पोर्टल की कार्यप्रणाली, विभिन्न योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि MY Bharat भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल है, जिसके माध्यम से देशभर के युवाओं को तकनीक, नवाचार, कौशल विकास, स्वयंसेवी गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में देशभर में 2.2 करोड़ से अधिक युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकृत हैं।
रोशन कुमार ने बताया कि MY Bharat के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD-2027), विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, बजट क्वेस्ट, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत, सेवा पखवाड़ा, वंदे मातरम् कैंप, व्यावसायिक प्रशिक्षण, अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रम सहित अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
बैठक में MY Bharat पोर्टल पर उपलब्ध इंटर्नशिप, स्वयंसेवी अवसर, कौशल विकास, रोजगार, सीवी बिल्डर, मेंटरशिप, फिट इंडिया गतिविधियां, खेल प्रतियोगिताएं, क्विज, निबंध प्रतियोगिताएं, हैकाथॉन तथा विभिन्न छात्रवृत्ति एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की गई। साथ ही जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा क्लबों एवं अन्य संस्थाओं को MY Bharat पोर्टल से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक विकासखंड, शिक्षण संस्थानों एवं युवा क्लबों में MY Bharat कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं एवं अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं नवाचार विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन करें।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा०शि०) अमित कुमार चन्द,जिला समन्वयक एनएसएस डॉ एसपी सिंह,जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भारती, एआरटीओ नेहा झा सहित संबंधित अधिकारी एवं MY Bharat से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मौजद रहे।