अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए किया रवाना
रुद्रपुर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत संचालित द्वितीय स्तंभ ‘यात्रा’ कार्यक्रम के तहत जनपद ऊधमसिंहनगर से चयनित श्रद्धालुओं के दल को आज अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा की सफलता एवं मंगलमय प्रवास की कामना की।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान के क्रम में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा राज्य में श्रृंखला के अंतर्गत श्रद्धालुओं को सोमनाथ धाम की यात्रा कराई जा रही है, ताकि वे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि कि इस यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। महिलाओं, युवा पेशेवरों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवकों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के अलग-अलग समूहों को यात्रा में शामिल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को भारत की सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय विरासत से जोड़ना है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रियों के साथ चिकित्सक दल एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, अटूट आस्था, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। यह यात्रा श्रद्धालुओं को भारत के गौरवशाली इतिहास, आध्यात्मिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक परंपराओं को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगी। ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री उपाध्याय ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर दर्शन, सोमनाथ संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, भजन संध्या, फ्लैग मार्च, महाआरती, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण में सहभागिता करेंगे। इसके अतिरिक्त उन्हें सोमनाथ के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे भारत की प्राचीन विरासत के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना को और अधिक बल मिलेगा।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, स्वच्छता एवं मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे देवभूमि उत्तराखण्ड के सांस्कृतिक दूत के रूप में अपनी सकारात्मक पहचान प्रस्तुत करें तथा यात्रा से प्राप्त अनुभवों को समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी/महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी तथा उनकी सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।

More Stories
केंद्र सरकार से उत्तराखंड को पूंजीगत निवेश के लिए ₹451.63 करोड़ की विशेष सहायता ऋण की प्रथम किस्त स्वीकृत
कांवड यात्रा के दृष्टिगत IP 4 बेगमपुर में कम्पनियों के कर्मचारियों के साथ गोष्ठी आयोजित
लूट मामले में आरोपी गिरफ्तार, व्यापारी की रैकी कर मार पिटाई करते हुये लूटी थी स्कूटी