
देहरादून। पूर्व सीएम हरीश रावत के सीएम पुष्कर सिंह धामी को विनम्र बताए जाने पर प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम धामी ने कहा कि हरीश रावत कब क्या बोल दें कहा नहीं जा सकता है, वो ऐसा सोच रहे हैं तो अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत अपने बयान भी बार-बार बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कभी हरीश रावत मैं मुख्यमंत्री बनना चाहता हूं कहते हैं तो कभी दलित मुख्यमंत्री बनना चाहिए कहते हैं। वो कभी किसी का नाम लेते हैं तो कभी किसी का। उन्होंने कहा कि हरीश रावत के बयानों में स्थिरता भी नहीं रहती है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हरीश रावत के 48 सीट लाकर कांग्रेस की सूबे में सरकार बनाने वाले बयान पर कहा कि जैसे-जैसे 10 मार्च की तारीख सामने आती रहेगी, वैसे-वैसे उनका 48 का आंकड़ा घटता रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ये थोड़े दिनों की खुशी है वो धीरे-धीरे कम होने वाली है। हरीश रावत के ब्यान कि ब्यूरोक्रेसी को नहीं डरना नहीं चाहिए, जिन्होंने निष्पक्षता से कार्य किया है, पर सीएम धामी ने कहा कि वो सत्ता में आने वाले नहीं हैं।
सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने अपना आडंबर इस तरह का बनाया हुआ है, लेकिन अंदरूनी हकीकत अलग है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार आने वाली है इसमें कोई संशय नहीं है। बता दें कि पूर्व सीएम हरीश रावत अपने बयानों से आए दिन चर्चाओं में रहते हैं। जिससे भाजपा खेमे में हलचल मचना तय माना जाता है। हरीश रावत अपने चिर परिचित अंदाज में ही भाजपा को घेरने का कोई मौका हाथ से जाने नहीं देना चाहते हैं।

More Stories
एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय में सैनिक सम्मेलन आयोजित
खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 21 खाद्य पदार्थों के लिए नमूने जांच के लिए गए
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर प्रशासन सख्त, चंबा में 10 खाद्य नमूने लिए